चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-27 पर सरहद सुरतपुरा में नाकाबंदी के दौरान 456 किलो 30 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी सफारी कार जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत एवं पुलिस उपाधीक्षक बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन में बेगूं थाना पुलिस ने 5 सितंबर की रात एनएच-27 पर सरहद सुरतपुरा में नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर सफारी कार ने बढ़ाई रफ्तार-
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक सफारी कार को संदिग्ध परिस्थितियों में आते देखा। पुलिस द्वारा कार का पीछा किया गया। इसी दौरान कार चालक और उसका साथी वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सफारी कार की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने कार को जब्त करते हुए उसमें से 456 किलो 30 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। फरार चालक और उसके साथी की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज-
पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ एवं सफारी कार को कब्जे में लेकर पुलिस थाना बेगूं में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कांस्टेबल रमेश का विशेष योगदान-
इस कार्रवाई में कांस्टेबल रमेश का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल टीम के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस टीम-
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी चम्पाराम, एएसआई प्यारे लाल, श्यामगिरि, हेड कांस्टेबल भगवानलाल, कांस्टेबल कमलेश, मनोहर एवं चालक रतन सिंह शामिल रहे।