जावद। नगर में चोरी की एक वारदात के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। रविवार तड़के करीब 4 बजे नीमच रोड पर पांच नकाबपोश संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में घूमते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि संदिग्ध जावद पुलिस थाने के सामने से भी होकर गुजरे। इसके बाद नीमच रोड स्थित मुच्छाल जी की मल्टी में विद्युत विभाग में पदस्थ शशिकांत मेड़ा के सूने मकान को निशाना बनाया गया।
जानकारी के अनुसार बदमाश मकान में घुसे और वहां रखे सोने के आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान चोरों ने आसपास के कुछ मकानों के बाहर से कुंडी लगाने का प्रयास भी किया, ताकि घरों में मौजूद लोग बाहर निकलकर उनका पीछा न कर सकें।
बाइक चुराने की कोशिश, वायरिंग काटकर किया डायरेक्ट कनेक्शन-
चोरों ने नीचे खड़ी 3 से 4 मोटरसाइकिलों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने मोटरसाइकिलों के लॉक तोड़े और उनकी वायरिंग काटकर डायरेक्ट कनेक्शन करने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक ले जाने में सफल नहीं हो सके।
पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में पांच नकाबपोश संदिग्ध रात के अंधेरे में नीमच रोड पर घूमते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी क्षेत्र के अन्य मकानों में भी चोरी के प्रयास किए गए।
पुलिस फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी-
मामले में जावद थाना प्रभारी मनोज जादौन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं और एक घर में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती है। वहीं, वारदात के बाद नीमच रोड और आसपास के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।