नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जावी से 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। 7 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकली छात्रा का करीब एक माह बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परेशान परिजन सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। परिजनों ने पुलिस से छात्रा की जल्द तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की।
परिजनों के मुताबिक, छात्रा स्कूल पहुंचने के बाद बैंक जाने की बात कहकर स्कूल से निकली थी। उसका स्कूल बैग स्कूल में ही रह गया। इसके बाद परिजनों ने गांव सहित आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां छात्रा की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका-
परिजनों ने गांव के ही तेजपाल मेघवाल नामक युवक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि छात्रा के लापता होने के समय से ही उक्त युवक भी गांव में नहीं है। हालांकि युवक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस से जल्द तलाश की मांग-
परिजनों का कहना है कि छात्रा के लापता होने की शिकायत नीमच सिटी पुलिस से की गई थी, लेकिन करीब एक माह बाद भी छात्रा का सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी के चलते सोमवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और धरना दिया।
परिवार ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग छात्रा की जल्द तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।