चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने 11 केवी विद्युत लाइन के तार चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 11 केवी विद्युत लाइन का तार भी बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गोविंद धाकड़, निवासी रावतपुरा थाना जलोदा जागीर जिला प्रतापगढ़ एवं हाल कनिष्ठ अभियंता एवीवीएनएल बड़ीसादड़ी, ने 30 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि विद्युत विभाग द्वारा 16 जुलाई 2026 को रघुनाथपुरा निवासी करणसिंह का कृषि कनेक्शन जारी करने के लिए 11 केवी विद्युत लाइन खींची गई थी। रात के समय अज्ञात चोर उक्त लाइन के तार चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी सहायता से संदिग्धों तक पहुंची पुलिस-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में विद्युत लाइन के तार चोरी करने वाली गैंग का पता लगाने के लिए थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में एसआई बाबूलाल सहित पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी सहायता एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर रघुनाथपुरा से 11 केवी विद्युत लाइन के तार चोरी के मामले में शिवसिंह मीणा, सांवरिया सिंह मीणा, देवनारायण मीणा एवं गौतमलाल मीणा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 11 केवी विद्युत लाइन का तार बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी-
- शिवसिंह मीणा पुत्र निर्भयसिंह मीणा, निवासी शिवपुरा कटाई महादेव, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़।
सांवरिया सिंह मीणा पुत्र भैरूसिंह रावत मीणा, निवासी शिवपुरा कटाई महादेव, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़।
- देवनारायण मीणा पुत्र पारस सिंह मीणा, निवासी मरावदिया, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़।
- गौतमलाल मीणा पुत्र लक्ष्मीलाल मीणा, निवासी संतोषपुरिया, थाना छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड-
पुलिस के अनुसार, शिवसिंह मीणा के खिलाफ पूर्व में चोरी के दो प्रकरण दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। सांवरिया सिंह मीणा के खिलाफ भी चोरी के दो प्रकरण दर्ज होकर विचाराधीन हैं।
देवनारायण मीणा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट का एक तथा चोरी का एक प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं गौतमलाल मीणा के खिलाफ पूर्व में चोरी का एक प्रकरण दर्ज होकर विचाराधीन है।
यह रही पुलिस टीम-
कार्रवाई में एसआई बाबूलाल, कांस्टेबल दिनेश कुमार, राकेश कुमार, प्रेमाराम, श्रवण कुमार, रूपाराम एवं चालक रामूराम शामिल रहे।