नीमच। गौवंश को लम्पी वायरस से बचाने के लिए गौ सेवा समिति नीमच की पहल रंग लाई है। समिति द्वारा पिछले मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जिले में लम्पी वायरस की रोकथाम के लिए गौवंश का टीकाकरण अभियान शुरू कराने की मांग की गई थी।
गौ सेवा समिति के मितेश अहीर ने बताया कि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद पशुपालन विभाग ने बुधवार से गौवंश के टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी।
अभियान के तहत गौ सेवा समिति नीमच की उपचार शाला में 80 से अधिक गौवंश का लम्पी वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। पशु चिकित्सक डॉ. खान ने गौवंश का वैक्सीनेशन किया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि लम्पी वायरस से गौवंश को सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। समिति की मांग पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने से गौसेवकों में संतोष है।
समिति ने उम्मीद जताई कि गौवंश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण अभियान को जिले के अन्य क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।