मनासा। पंजीकृत समाचार पत्र ‘मनासा हलचल’ के नाम का कथित रूप से दुरुपयोग कर फेसबुक पर फर्जी पेज बनाए जाने और उसके माध्यम से भ्रामक एवं राजनीतिक सामग्री प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर समाचार पत्र के प्रधान संपादक कुंज बिहारी सिंह कुशवाह ने मनासा पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत आवेदन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
समाचार पत्र के नाम से बनाया गया कथित फर्जी पेज-
पुलिस को दिए शिकायत आवेदन के अनुसार, ‘मनासा हलचल’ समाचार पत्र वर्ष 2020 से संचालित है। शिकायत में समाचार पत्र का RNI पंजीयन क्रमांक MPHI/2022/83896 तथा डाक पंजीयन 404/2023-2028 बताया गया है।
प्रधान संपादक का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इसी नाम से फेसबुक पर एक पेज बनाकर संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त पेज पर ऐसी सामग्री प्रकाशित की जा रही है, जिससे वास्तविक समाचार पत्र की पहचान को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बन सकती है।
भ्रामक एवं राजनीतिक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप-
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित फर्जी फेसबुक पेज के माध्यम से गलत तथ्यों पर आधारित, राजनीतिक एवं भ्रामक पोस्ट लगातार प्रसारित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे आम जनता में भ्रम फैलने के साथ समाचार पत्र की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
संपादक ने आशंका जताई है कि फर्जी पेज संचालक भविष्य में विद्वेषपूर्ण अथवा भड़काऊ सामग्री भी प्रसारित कर सकता है।
साइबर सेल से जांच और कार्रवाई की मांग-
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से साइबर सेल के माध्यम से फर्जी फेसबुक पेज संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कथित फर्जी पेज की जांच कर उसे नियमानुसार ब्लॉक अथवा हटाने की कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
वास्तविक समाचार पत्र ने किया स्पष्टीकरण-
प्रधान संपादक कुंज बिहारी सिंह कुशवाह ने स्पष्ट किया कि कथित फर्जी फेसबुक पेज से प्रसारित किसी भी भ्रामक, गैरकानूनी अथवा विद्वेषपूर्ण सामग्री से वास्तविक ‘मनासा हलचल’ समाचार पत्र या उसका प्रबंधन संबंधित नहीं है। उन्होंने पाठकों एवं आमजन से अपील की कि किसी भी सामग्री को समाचार पत्र की आधिकारिक सामग्री मानने से पहले उसके स्रोत की पुष्टि करें। मामले में पुलिस जांच के बाद ही फर्जी पेज के संचालक और पोस्ट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।