चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भैंसरोडगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 316 किलो 170 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को जब्त कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को देखकर कार भगाई, पीछा करने पर नदी में टकराई-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत एवं पुलिस उप अधीक्षक रावतभाटा शंकरलाल मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने सोमवार को मंडेसरा से लोठियाना की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार कार चालक और उसका साथी पुलिस जाप्ते को देखकर वाहन को लोठियाना की ओर तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ब्रह्माणी नदी में कार पत्थर से टकरा गई।
तलाशी में मिला 316 किलो से अधिक डोडाचूरा-
पुलिस टीम ने कार को घेरकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 316 किलो 170 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा और क्रेटा कार को जब्त कर लिया। मामले में अजमेर जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के ईतड़ो का मोहल्ला, लोहरवाड़ा निवासी कालूराम पिता हरचंद जाट (40) और गोपाल पिता मंगलाराम जाट (74) को गिरफ्तार किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज-
पुलिस ने भैंसरोडगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क एवं अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में यह पुलिस टीम शामिल रही-
कार्रवाई में थानाधिकारी कमलचंद मीणा, एएसआई शंभूलाल, हेड कांस्टेबल राधेश्याम, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, रामरूप, धर्मेंद्र, लक्ष्मण, ब्रजराज, सोनूराम, किशनलाल तथा चालक बलवीर सिंह शामिल रहे।