गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया अमरा से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। मंगलवार को दीपक मेघवाल ने अपनी पत्नी एवं ससुराल पक्ष से कथित विवाद और धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। दीपक ने एसपी एवं स्थानीय थाने में आवेदन देकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
दीपक के अनुसार, उसका विवाह करीब 15 माह पहले शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डाबला गुर्जर निवासी युवती से हुआ था। उसका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आया और वह रोजमर्रा के खर्चों के लिए पैसों की मांग करने लगी। दीपक ने वैवाहिक संबंधों को लेकर भी विवाद होने की बात कही है।
फर्जी सोशल मीडिया आईडी का लगाया आरोप-
दीपक का कहना है कि पत्नी के व्यवहार को लेकर संदेह होने पर उसने सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी ली। उसके अनुसार, उसे पता चला कि पत्नी कथित रूप से फर्जी आईडी बनाकर अन्य पुरुषों से बातचीत करती है।
दीपक ने जब इस संबंध में अपने ससुर से शिकायत की तो उसके अनुसार, उसे सहयोग मिलने के बजाय गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया गया। उसने ससुर पर पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पत्नी के पिता ने आरोपों को बताया गलत-
वहीं, युवती के पिता मुकेश ने दीपक द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को बदनाम किया जा रहा है और दीपक ही उसे अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है।
मामले में दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दीपक ने पुलिस से अपनी सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।