नीमच। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं भंडारण के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। 7 सितंबर 2026 को मनासा क्षेत्र के ग्राम उच्छेड़ स्थित एक मकान पर दबिश देकर CBN टीम ने 9.688 किलोग्राम अफीम बरामद की। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
CBN के अनुसार, अधिकारियों को मिली विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर उपनारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय की टीम गठित कर चिन्हित मकान पर कार्रवाई के लिए भेजी गई थी। टीम के मौके पर पहुंचने और तलाशी की कार्रवाई शुरू करने से पहले एक व्यक्ति ने मकान की छत के रास्ते भागने का प्रयास किया।
बताया गया कि भागने के दौरान वह मकान के एक कोने के पास नीचे गिर गया, जिससे उसे मामूली चोट आई। CBN टीम ने उसे तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य सामान्य होने की पुष्टि के बाद नियमानुसार मकान की तलाशी की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
फर्श और पशुचारे के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम-
मकान की गहन तलाशी के दौरान अफीम को बेहद गोपनीय तरीके से छिपाकर रखने का खुलासा हुआ। CBN के मुताबिक, रसोईघर के फर्श के नीचे तथा मवेशियों के चारे के नीचे अलग-अलग स्थानों पर 9.688 किलोग्राम अफीम छिपाकर रखी गई थी।
सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बरामद अफीम को विधिवत जब्त कर लिया गया। संबंधित व्यक्ति को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
स्रोत और नेटवर्क की तलाश में जांच जारी-
CBN द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जब्त मादक पदार्थ के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध-
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने कहा कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, भंडारण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। साथ ही ब्यूरो ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।