कुकड़ेश्वर। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुकड़ेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1100 लीटर महुआ लहान नष्ट किया। पुलिस टीम ने ग्राम तलाऊ और बरखेड़ा के जंगल क्षेत्र में दबिश देकर हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किए गए महुआ लहान को नष्ट किया तथा मौके पर बनी अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध शराब धरपकड़ अभियान के तहत की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में की गई।
जंगल में दबिश देकर नष्ट किया महुआ लहान-
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मंगलसिंह राठौर के नेतृत्व में कुकड़ेश्वर, मनासा एवं रामपुरा थानों के पुलिस बल ने अवैध शराब की धरपकड़ के लिए ग्राम तलाऊ एवं बरखेड़ा में कार्रवाई की।
टीम ने हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने के संभावित स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान जंगल में अवैध रूप से शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1100 लीटर महुआ लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही जंगल में बनाई गई अवैध शराब की भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई-
कार्रवाई में थाना कुकड़ेश्वर, थाना मनासा एवं थाना रामपुरा की संयुक्त पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।