नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) से जुड़े एक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीमच में कार्रवाई की है। उदयपुर सीबीआई यूनिट की टीम ने गुरुवार देर शाम सीबीएन कॉलोनी स्थित एक अधिकारी के सरकारी आवास पर दबिश दी। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद सीबीएन इंस्पेक्टर सिद्धार्थ जैन को 50 लाख रुपए के कथित रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीबीआई की जांच मादक पदार्थों की जब्ती से जुड़े एक मामले में कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर है। आरोप है कि प्रकरण को निपटाने के लिए 50 लाख रुपए के लेनदेन की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, यह राशि अधिकारी के बैंक खाते में सीधे जमा नहीं होकर एक करीबी रिश्तेदार के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है।
सीबीआई टीम द्वारा बैंक खातों के लेनदेन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई में करीब छह अधिकारी शामिल बताए गए हैं, जिनमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं। कार्रवाई के बाद इंस्पेक्टर से पूछताछ किए जाने की जानकारी है।
फिलहाल मामले में सामने आए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। सीबीआई कथित वित्तीय लेनदेन के साथ मादक पदार्थों की जब्ती से जुड़े मूल प्रकरण और इसमें अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।