सरवानिया महाराज। आगामी गणेश चतुर्थी 14 सितंबर से अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर 2026 तक मनाए जाने वाले 10 दिवसीय गणेश उत्सव को लेकर सरवानिया महाराज पुलिस चौकी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उत्सव को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए पुलिस ने क्षेत्र की लगभग एक दर्जन गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में उपस्थित समितियों के सदस्यों को संबोधित करते हुए चौकी प्रभारी गोपाल तनान ने कानून के दायरे में रहकर आयोजन करने का आह्वान किया। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं गणेश उत्सव के पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे।पंडाल की मजबूती व बिजली सुरक्षा को लेकर पंडालों का निर्माण मजबूत करने के साथ साथ ही बिजली के कनेक्शन और सुरक्षा को लेकर विद्युत विभाग से अनिवार्य रूप से सहमति ली जाए।
साउंड सिस्टम पर नियंत्रण
लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम पर केवल स्वीकृत और मर्यादित भजन-गीत ही बजाए जाएं। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।समिति की जिम्मेदारी प्रतिमाओं के आकार और वजन के अनुसार ही परिवहन वाहनों का चयन करें। पंडालों में चौबीस घंटे समिति के सदस्यों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, मुर्ती विसर्जन पर विशेष सावधानी रखने को लेकर कहा कि इस बार क्षेत्र के बांधों, तालाबों और जल संरचनाओं में पानी कम होने के कारण विसर्जन के दौरान गहराई से दूर रहने और विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।चौकी प्रभारी ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या आपातकाल की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें या डायल 112 पर कॉल करें। इस दौरान कांस्टेबल नंदकिशोर राठौर ने समितियों का डाटा और स्थान तथा अनुमतियां संबंधित जानकारी सभी के सामने रखी। बैठक में सरवानिया, मोरवन, धामनिया और लासूर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की गणेश उत्सव समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।