देवास। जिले के सतवास थाना क्षेत्र में दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली बात को लेकर दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियार से वार किए गए।
घटना में तरुण और अजय घायल हुए हैं। परिजन पहले दोनों को सतवास में उपचार के लिए लेकर पहुंचे, इसके बाद इंडेक्स अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार वहां उपचार नहीं मिलने पर दोनों घायलों को देवास जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की दादी ने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचीं, जहां दोनों बच्चे घायल अवस्था में मिले। उन्होंने बताया कि दोनों युवक घूमने के लिए गए थे, इसी दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हुई।
परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।