रतनगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर परिषद रतनगढ़ ने सब्जी मंडी परिसर एवं वार्ड क्रमांक 11 में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नालियों की फायर एवं टैंकर के माध्यम से सफाई की गई। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाकर दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर के निर्देश एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की मंशानुसार यह अभियान आयोजित किया गया।
नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों एवं सब्जी विक्रेताओं को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने तथा पॉलीथिन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। दुकानदारों से पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने और ग्राहकों को सामान देने के लिए कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलियों का उपयोग करने की समझाइश दी गई। साथ ही प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कचरा डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार रूपसिंह राजपूत के निर्देशन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा एवं नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि शिवनंदन छिपा, पार्षद मनोहर सोनी, एल्डरमेन आशीष छिपा एवं सत्यनारायण नागदा सहित संबंधित टीम मौजूद रही।
अधिकारियों ने व्यापारियों एवं नागरिकों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन के अत्यधिक उपयोग से नालियां अवरुद्ध होने के साथ गंदगी फैलती है तथा पशुओं और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
नगर परिषद अध्यक्ष सुगना-कचरुलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष किरण-शिवनंदन छिपा सहित सभापति एवं पार्षदों ने नागरिकों एवं व्यापारियों से “पॉलीथिन हटाएं, पर्यावरण बचाएं” और “स्वच्छ रतनगढ़, सुंदर रतनगढ़” के संकल्प को साकार करने में सहयोग करने की अपील की।