दतिया। बसई थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर करीब 22 लाख रुपए का चोरी गया माल बरामद कर लिया। बरामदगी में 8.60 लाख रुपए नकद और करीब 13.60 लाख रुपए के सोने के जेवरात शामिल हैं।
एसपी मयूर खंडेलवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि 1 अक्टूबर को चोरी की वारदात हुई थी। चोर सोने के जेवरात और नकदी समेत करीब 22 लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा जैन के नेतृत्व में थाना प्रभारी और पुलिस टीम को जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध अपचारी बालक से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के जेवरात और नकदी रिंकेश नामक व्यक्ति को दिए गए थे। इसके बाद पुलिस रिंकेश प्रजापति तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि उसने चोरी का सामान अपने मामा राम सिंह को दे दिया था।
पुलिस ने ग्राम जैतपुर के जंगल क्षेत्र से सोने के जेवरात बरामद किए, जबकि राम सिंह के कब्जे से नकदी बरामद की गई। एसपी ने बताया कि मामले में चोरी हुए करीब 22 लाख रुपए के पूरे माल की 100 प्रतिशत रिकवरी कर ली गई है और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए पहली वारदात में महज 12 घंटे में पूरी रिकवरी करने वाली टीम के लिए 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की। साथ ही टीम को 30 हजार रुपए का इनाम दिलाने के लिए आईजी को प्रस्ताव भेजने की बात भी कही।