खरगोन। शहर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच शनिवार को नगर पालिका की कुत्ता पकड़ो मुहिम के दौरान हंगामा हो गया। ज्योति नगर और ऋषिका नगर के रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में 20 से ज्यादा कुत्ते झुंड बनाकर घूमते हैं और वाहन चालकों व पैदल राहगीरों के पीछे दौड़ते हैं।
शिकायत के बाद शनिवार को नगर पालिका की टीम ज्योति नगर पहुंची और करीब चार कुत्तों को पकड़कर पिंजरे में बंद किया। इसी दौरान कॉलोनी निवासी महेश चौरे ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। टीम के कुत्तों को पिंजरे में डालते ही चौरे पिंजरे पर चढ़ गए और उसे खोलकर कुत्तों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
चौरे के विरोध का कॉलोनीवासियों ने भी विरोध किया। करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा, जिसके बाद नगर पालिका की टीम वहां से रवाना होने लगी।
बताया गया कि जब टीम पकड़े गए कुत्तों को लेकर लौट रही थी, तभी महेश चौरे ने पिंजरे का दरवाजा खोलकर एक कुत्ते को बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने कुत्ते को गोद में लेकर दुलार किया और दावा किया कि उन्होंने इस कुत्ते का वैक्सीनेशन कराया है और यह उनका पालतू कुत्ता है।
कुत्तों के बढ़ते हमलों के बीच कार्रवाई के विरोध को लेकर अब नगर पालिका और रहवासियों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।