सेगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत सेगांव में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं और शासकीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
शिविर का कलेक्टर गुरु प्रसाद ने अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर एसडीएम सत्येंद्र बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।