अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बीते 30 सितंबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष कांग्रेस द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन पर अब नया सियासी बवंडर खड़ा हो गया है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए जिले के सभी थानों में एक साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आरएसएस पर विवादित टिप्पणी और बिना परमिशन लाउडस्पीकर बजाने का आरोप
बजरंग दल और वीएचपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके स्वयंसेवकों के खिलाफ जमकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बिना प्रशासनिक अनुमति के तेज आवाज में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है।
जिलेभर के थानों में शिकायत, एफआईआर दर्ज करने की मांग
इस मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने और संघ पर विवादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेताओं व आयोजकों के खिलाफ तत्काल वैधानिक मामला दर्ज किया जाए। फिलहाल पुलिस सभी आवेदनों को संज्ञान में लेकर वैधानिक जांच में जुट गई है।