देवास। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवास द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उन्हें करियर, रोजगार, तकनीक और नवाचार के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के तहत शासकीय सांदीपनि विद्यालय, महारानी राधाबाई विद्यालय एवं शासकीय विद्यालय क्षिप्रा के कक्षा 11वीं और 12वीं के गणित संकाय के करीब 250 विद्यार्थियों ने नियो हाइड्रॉलिक्स औद्योगिक इकाई, टाटा कंपनी एवं त्रिवेणी इन्फोटेक देवास का भ्रमण किया।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न उद्योगों की कार्यप्रणाली, तकनीकी प्रक्रियाओं, मशीनरी और कार्य संस्कृति को करीब से समझा। उद्योग प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को आवश्यक कौशल, तकनीकी दक्षताओं और रोजगार के संभावित अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं के समाधान भी प्राप्त किए।
औद्योगिक वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के लिए कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर बना। उन्हें पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ समस्याओं की पहचान, नए समाधान तलाशने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. विवेक वैद्य, दीपिका सूर्यवंशी एवं योगेश आलावा ने किया। समन्वयकों ने विद्यार्थियों के समन्वय, औद्योगिक संस्थानों से संपर्क और भ्रमण की विभिन्न गतिविधियों का व्यवस्थित संचालन किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर ही उद्योग, तकनीक, रोजगार, करियर एवं नवाचार की वास्तविक दुनिया से जोड़ना रहा।