भगवानपुरा। शनिवार को सेवा सेतु संकल्प अभियान के तहत खरगोन-बड़वानी जिले के सांसद गजेंद्र पटेल भगवानपुरा पहुंचे। इस दौरान ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों और छात्रावासों में कार्यरत अंशकालीन मजदूरों ने मुख्यमंत्री के नाम सांसद को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
अंशकालीन मजदूरों ने प्रमुख मांग रखते हुए कहा कि उन्हें कलेक्टर रेट के अनुसार वेतन दिया जाए। कर्मचारियों के मुताबिक वर्तमान में उन्हें महज 5 हजार रुपए प्रतिमाह मिलते हैं, जो मौजूदा महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं हैं।
मजदूरों ने बताया कि उन्हें मई और जून की छुट्टियों के दौरान वेतन नहीं दिया जाता। वहीं जो 5 हजार रुपए का मासिक वेतन निर्धारित है, उसका भुगतान भी नियमित रूप से नहीं होता। कई बार तीन से चार महीने के अंतराल में एक या दो माह का वेतन दिया जाता है।
मजदूरों ने सांसद गजेंद्र पटेल से मांग की कि उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर नियमित और सम्मानजनक वेतन दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
इस दौरान गणेश भावसार, जेमु गरासे, कृष्ण लाल महाजन, अनिल इंगले, धर्मेंद्र मंडलोई सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और मजदूर मौजूद रहे।