भोपाल। नायरा एनर्जी ने शनिवार, 3 अक्टूबर से देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ाए हैं। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी के बीच की गई है।
मध्य प्रदेश में भी इसका असर देखने को मिला है। भोपाल में नायरा के एक पंप संचालक के मुताबिक, शुक्रवार को पेट्रोल ₹114.81 और डीजल ₹99.59 प्रति लीटर था। शनिवार की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल ₹119.81 और डीजल ₹102.59 प्रति लीटर हो गया।
कंपनी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और रिफाइंड ईंधन की लागत बढ़ने से रिटेल कीमतों और लागत के बीच अंतर बढ़ रहा था। इसी अंतर को कम करने के लिए कीमतों में संशोधन किया गया है। देशभर में नायरा के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं।
मार्च में भी बढ़े थे दाम, जुलाई में मिली थी राहत
नायरा ने इस साल मार्च में भी पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रूड कीमतों में कमी आने पर 1 जुलाई को कंपनी ने दोनों ईंधनों के दाम क्रमशः ₹5 और ₹3 प्रति लीटर घटा दिए थे। अब एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
सरकारी कंपनियों के रेट में फिलहाल बदलाव नहीं
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को अपने पेट्रोल-डीजल के रिटेल दाम में बदलाव नहीं किया। रिपोर्टों के मुताबिक, सरकारी कंपनियां अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद मौजूदा रिटेल कीमतों को बनाए हुए हैं।