धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को वन विभाग, जिला धार द्वारा पुलिस लाइन परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ‘हरित धार’ के संकल्प को साकार करने के लिए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल व सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण आवश्यक है। वन विभाग की इस पहल के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना सहित वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता की।