नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जीरन में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का सातवां समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन-प्रशासन को जनता के और करीब लाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
विधायक ने जीरन में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जीरन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत, लाड़ली बहना, प्रधानमंत्री आवास और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने किसानों को खेती के साथ पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन से जोड़ने तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही जीरन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नागरिकों से जनभागीदारी का आह्वान किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
ग्रामीणों ने रखीं विभिन्न समस्याएं-
शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय और सड़क सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और नियमानुसार उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
विभागों ने लगाई प्रदर्शनी-
शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से विभागीय योजनाओं और गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
विद्यार्थियों और हितग्राहियों को मिले हितलाभ-
शिविर में एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 6 न्यूट्री बास्केट वितरित की गईं। पात्र विद्यार्थियों में से 7 को लैपटॉप एवं स्कूटी प्रदान की गई। खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 2 बालिकाओं को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति 22 विद्यार्थियों को, संबल योजना का लाभ 3 हितग्राहियों को, राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ 4 हितग्राहियों को तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ 9 हितग्राहियों को प्रदान किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सकवारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।