नीमच। सेवा सेतु अभियान-‘सरकार आपके द्वार’ के तहत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने शनिवार को जीरन में चारा विकास योजना से लाभान्वित पशुपालक उमेश कुमार शर्मा के खेत और डेयरी का निरीक्षण किया। उन्होंने खेत में उत्पादित चारे, पशुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं और तापमान नियंत्रण के लिए विकसित सुविधाओं का अवलोकन किया।
पशुपालक शर्मा ने बताया कि चारा विकास योजना के तहत लगाए गए चारे से वर्ष में करीब छह बार उत्पादन हो रहा है। एक वर्ष में लगभग 100 क्विंटल चारा उत्पादित होने से पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध रहता है और पशुपालन की लागत कम करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि दो गायों से शुरू किए गए पशुपालन व्यवसाय में वर्तमान में 19 एचएफ नस्ल की गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 100 लीटर दूध का उत्पादन होता है। दुग्ध व्यवसाय से लगभग 1.50 लाख रुपए प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है।
सीईओ ने डेयरी में पशुपालक द्वारा विकसित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उप संचालक पशुपालन विभाग एआर धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।