नीमच। सेवा सेतु अभियान-‘सरकार आपके द्वार’ के तहत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सीईओ ने ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सकों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, रोगियों के उपचार और चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की उपचार व्यवस्था एवं स्वच्छता पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने मेडिकल ऑफिसर से अस्पताल में होने वाले प्रसव और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान वाहन चालक की आवश्यकता सामने आने पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही मरीजों के पंजीयन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीईओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की समस्या या कमी होने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।