चित्तौड़गढ़। पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पर्यटकों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग टीम ने पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन से चित्तौड़गढ़ पहुंचे देशी-विदेशी पर्यटकों का आत्मीय स्वागत किया।
कालिका टीम की महिला पुलिसकर्मियों और सोशल मीडिया प्रभारी एएसआई सत्यनारायण ने पर्यटकों का स्वागत कर उन्हें चित्तौड़गढ़ दुर्ग भ्रमण के दौरान सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद टीम ने पर्यटकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें चित्तौड़गढ़ दुर्ग तक एस्कोर्ट किया।
दुर्ग क्षेत्र में पर्यटकों के आवागमन के दौरान टीम ने पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटकों को सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, इसलिए जिला पुलिस द्वारा ‘टूरिस्ट फ्रेंडली पुलिसिंग’ को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जिले में पहली बार कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा विदेशी पर्यटकों का स्वागत कर उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की यह पहल की गई है। पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 7300453344 पर संपर्क करने की अपील की गई है।