रामपुरा। नगर के विकास को गति देने वाले करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण शनिवार, 3 अक्टूबर को नगर परिषद परिसर में आयोजित समारोह में किया गया। इसी अवसर पर सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता और मनासा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और कन्या पूजन के साथ हुआ। समारोह में नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में अतिथियों ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। सांसद सुधीर गुप्ता और विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने रामपुरा के विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नगर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद कर्मचारियों और नागरिकों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया।