देवास। जिला कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में शनिवार को शहर के भोपाल चौराहे से सद्भावना संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मल्हार स्मृति मंदिर पहुंची। यात्रा में देश की एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, कांग्रेस सेवादल के संघटक श्री श्रीनिवास बी.वी. सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सेवादल के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि “नाथूराम गोडसे की विचारधारा को मानने वाले लोग आज देश और प्रदेश की सत्ता में हैं। ऐसे समय में भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को बचाने की जरूरत है, जो सभी धर्मों को साथ लेकर चलती है।” उन्होंने कहा कि “हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाईकृहम सब हैं भाई-भाई, यह सिर्फ नारा नहीं बल्कि भारत की प्राचीन सभ्यता और भाईचारे की पहचान है।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मध्यप्रदेश दौरे के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। पटवारी ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कथित संवादहीनता, प्रदेश की आर्थिक स्थिति, कुपोषण, बेरोजगारी और विभिन्न घटनाओं में जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। उनके द्वारा अमित शाह के सामने ऐसे कई मुद्दे उठाए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई है।
पटवारी ने कहा कि अमित शाह इस समय मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो कंपनी लाभ में चल रही थी, उसे एनडीटीवी को क्यों दिया गया? उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कथित तालमेल की कमी का मुद्दा भी उठाया।
पटवारी ने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मुख्यमंत्री से संवाद नहीं होने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय की कमी का नुकसान मध्यप्रदेश को हो रहा है। हाल में विजयवर्गीय के मुख्यमंत्री से संपर्क नहीं हो पाने संबंधी बयान भी सामने आए थे।
प्रदेश में कुपोषण, बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते कर्ज को लेकर पटवारी ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि “जनता को कर्ज के बोझ से लादा जा रहा है। सबसे ज्यादा कुपोषित मेरा मध्यप्रदेश और सबसे ज्यादा बेरोजगारी मेरे मध्यप्रदेश में है।” पटवारी ने विभिन्न घटनाओं में राजनीतिक जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
शिवराज सिंह चौहान पर भी साधा निशाना
पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान का अवतार बताया था। इस पर पटवारी ने उनके बयान की आलोचना करते हुए नार्काे टेस्ट की बात कही।
पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान के लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए व्यापमं सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं और कहा कि “शिवराज जी बहुत जल्द जेल की दीवारों के पीछे होंगे।