बैतूल। रविवार सुबह नशे के खिलाफ नशा मुक्ति पदयात्रा निकाली गई। इसे मेरा युवा भारत बैतूल और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने आयोजित किया। केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके ने इसे हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।
इसमें स्कूली बच्चे, कॉलेज के छात्र, खिलाड़ी, समाजसेवी और खेल विभाग के अधिकारी शामिल थे। एसपी वीरेंद्र जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, एसडीएम अभिजीत सिंह भी मौजूद थे। पदयात्रा सुबह 6ः30 बजे ओपन ऑडिटोरियम से शुरू होकर 3.5 किलोमीटर चली।
यह यात्रा शिवाजी चौक, मेजर ध्यानचंद चौक, अंबेडकर चौक, कारगिल चौक, चौपाटी और पोस्ट ऑफिस चौक से गुजरी। लोगों को नशे के नुकसान बताए गए और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।
पदयात्रा खत्म होने पर राष्ट्रगान हुआ। भोपाल से आई टीम को सम्मानित किया गया। मौजूद सभी लोगों और युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। आयोजकों ने ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही।