तराना। नगर के पाला मोहल्ला स्थित एक मनिहारी की दुकान पर आबकारी विभाग ने सुबह करीब 6 बजे कार्रवाई की। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद विभाग और पुलिस की टीम ने दुकान के अंदर से अंग्रेजी एवं देशी शराब की करीब 7 पेटियां जब्त की हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त शराब शाजापुर और इंदौर की कंपनियों की बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग, पुलिस तथा स्थानीय शराब ठेकेदार के कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
बताया गया कि दुकान के अंदर पहुंचने और शराब बरामद करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की गई है।
आबकारी विभाग ने मामले में भारत सिंह दरबार नामक व्यक्ति को पूछताछ के लिए पकड़ा है। विभाग द्वारा यह जांच की जा रही है कि दुकान में शराब किस उद्देश्य से रखी गई थी और क्या उसका नियम विरुद्ध तरीके से विक्रय किया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार मामले में जब्त शराब की मात्रा, स्रोत और उसके रखे जाने के संबंध में आवश्यक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।