नीमच। नगरपालिका में रविवार को आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब चाय का ठेला लगाने वाले कमलेश रेगर ने लोन मिलने में देरी से नाराज होकर अधिकारियों के सामने अपने दस्तावेज फाड़ दिए।
कमलेश ने बताया कि उसे पहले 10 हजार और बाद में 15 हजार रुपए का लोन मिल चुका है। इसके बाद उसने 50 हजार रुपए के लोन के लिए करीब पांच माह पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली है। उसका कहना है कि लोन के लिए कभी बैंक तो कभी नगरपालिका के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कमलेश के अनुसार, उसे लोन के संबंध में ‘डिस्ट्रीब्यूटर में नाम नहीं आने’ की बात कही जा रही है। इसी बात से नाराज होकर उसने अधिकारियों के सामने दस्तावेज फाड़ दिए।
वहीं, नगरपालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने कहा कि कमलेश को पहले दो बार लोन मिल चुका है। उन्होंने कहा कि उसका तीसरा लोन भी प्रक्रिया के अनुसार हो जाएगा।