रामपुरा। अब तक शांत और अपनी पुरानी पहचान के लिए जाना जाने वाला रामपुरा आने वाले समय में विकास के बड़े केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा। करीब 65 हजार करोड़ रुपए के प्रस्तावित परमाणु प्रोजेक्ट ने शहर के भविष्य को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं। प्रोजेक्ट शुरू हुआ तो हजारों लोगों के लिए रोजगार के रास्ते खुलने के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलने की संभावना है। इसके साथ करीब 10 हजार कर्मचारियों की कॉलोनी, 100 बेड का अस्पताल, सीएम राइज स्कूल और फोरलेन कनेक्टिविटी जैसी योजनाएं रामपुरा की तस्वीर बदलने की दिशा में बड़े कदम मानी जा रही हैं। विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने विकास योजनाओं को लेकर रामपुरा के भविष्य की तस्वीर सामने रखी।
विभिन्न वार्डों में करीब 246 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास-
नगर पंचायत रामपुरा के विभिन्न वार्डों में करीब 246 लाख रुपए के विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक मारू ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परमाणु प्रोजेक्ट के कारण रामपुरा क्षेत्र में रोजगार और व्यापार की संभावनाएं बढ़ेंगी। बड़ी संख्या में कर्मचारियों के आवासीय क्षेत्र में रहने से स्थानीय बाजार, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
नीमच-झालावाड़ मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया जारी-
विधायक ने बताया कि नीमच-झालावाड़ मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर शासकीय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही रामपुरा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर पर्यटन हब बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
100 बेड का होगा शासकीय अस्पताल-
शासकीय अस्पताल रामपुरा को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक मारू ने बताया कि अस्पताल को 100 बिस्तरों की स्वीकृति मिल चुकी है। अस्पताल में नए डॉक्टर एवं आवश्यक फैकल्टी उपलब्ध कराने के साथ आधुनिकीकरण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने समीपस्थ पीपल्दा पठार क्षेत्र को रामपुरा से सड़क मार्ग से जोड़ने की बात भी कही।
रामपुरा के बीच से फोरलेन निकालने के पक्ष में नहीं-
रामपुरा क्षेत्र के जन्नौद के समीप से प्रस्तावित फोरलेन मार्ग को लेकर विधायक मारू ने इसे उचित बताया। उन्होंने कहा कि यदि फोरलेन को रामपुरा नगर के बीच से निकाला जाता है तो ओवरब्रिज की आवश्यकता पड़ेगी और इससे पिपलियामंडी जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।
शासन द्वारा प्रस्तावित फोरलेन से आसान होगी राह-
विधायक ने कहा कि नगर के मध्य से फोरलेन गुजरने पर रामपुरा की गरोठ और शामगढ़ से कनेक्टिविटी भी प्रभावित हो सकती है। वहीं, भानपुरा होकर मार्ग जाने से दूरी बढ़ेगी। शासन द्वारा प्रस्तावित फोरलेन बनने से रामपुरा की गरोठ क्षेत्र से कम दूरी में कनेक्टिविटी हो सकेगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रामपुरा नगर को फोरलेन से जोड़ने के लिए सुविधाजनक संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाना भी आवश्यक है, ताकि नगर को प्रस्तावित फोरलेन का बेहतर लाभ मिल सके।