शिवपुरी। जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में एक किराएदार को चोरी के शक में हिरासत में लेने का मामला तूल पकड़ गया है। पुलिस कार्रवाई से नाराज युवक की पत्नी रजनी रजक ने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
रजनी का आरोप है कि 28 सितंबर को उनके मकान मालिक के भाई मातादीन चौधरी के घर चोरी हुई थी। शक के आधार पर 2 अक्टूबर को पुलिस उनके पति मोनू रजक को पकड़कर ले गई। महिला का आरोप है कि पिछले 24 घंटे से अधिक समय से उनके पति को अवैध हिरासत में रखकर पूछताछ के नाम पर मारपीट की जा रही है और परिवार से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है। रजनी ने राजनीतिक दबाव और विधायक के इशारे पर झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि कोई अनहोनी हुई तो पुलिस, जनप्रतिनिधि और शिकायतकर्ता जिम्मेदार होंगे।
वहीं, इस मामले में फिजिकल टीआई अविनाश राठौड़ ने मारपीट के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि युवक पर सिर्फ संदेह जताया गया था, इसलिए उसे केवल पूछताछ के लिए लाया गया है और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया जाएगा।