नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत रविवार को नगरपालिका कार्यालय परिसर, नीमच में जिला स्तरीय जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्राप्त किए गए। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं शिविर में रखने की अपील की, ताकि उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
विधायक परिहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न एवं पात्रता पर्ची, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, किसान सम्मान निधि, पेंशन एवं आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरपालिका की दीनदयाल रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से नीमच शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही शहर में सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेवर ब्लॉक सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से गांधीसागर का पानी घर-घर पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार होगा निराकरण-
जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 एवं 4 अक्टूबर को नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जनपद क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, समग्र पोर्टल, राजस्व, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, जल प्रदाय, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकिंग सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी के साथ आवश्यक सेवाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के 12 प्रमाण-पत्र, पेंशन योजना के 5 प्रमाण-पत्र तथा सोलर पैनल से संबंधित एक प्रमाण-पत्र हितग्राही को वितरित किया गया।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला परियोजना अधिकारी चंद्रसिंह धार्वे ने स्वागत भाषण दिया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष रजना करणसिंह परमाल, एसडीएम पराग जैन, सीएमओ दुर्गा बामनिया, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।