डिंडौरी। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। सुबह 10ः15 बजे से दोपहर 2ः15 बजे तक चली इस परीक्षा में जिलेभर के 3,881 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 346 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए कुल 4,227 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था।
जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य होनहार छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी पढ़ाई को निरंतर जारी रखना है।
सफल विद्यार्थियों को मिलेगी हर महीने 1,000 रुपए छात्रवृत्ति
जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि इस परीक्षा में न्यूनतम कट-ऑफ अंक हासिल कर पास होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रति महीने 1,000 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना में सीटों की कोई निश्चित सीमा (कैपिंग) नहीं है; जितने भी छात्र परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे, उन सभी को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
पिछले वर्ष जिले के 84 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा पास की थी, जिन्हें वर्तमान में छात्रवृत्ति दी जा रही है।