नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। वहीं महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह भी मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नीमच पुलिस द्वारा जनसेवा, सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर नीमच में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की। परिसर में फैले कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाकर कार्यालय को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।
इस अवसर पर एसपी राजेश व्यास ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। स्वच्छता अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है। ऐसे अभियानों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं सहभागिता स्थापित करने के साथ जिले में स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
स्वच्छता अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।