भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की घोषणा का समर्थन किया है। उन्होंने अमित शाह के एमपी को नशा मुक्त करने के ऐलान का स्वागत किया है। उमा भारती ने कहा कि लंबे समय से इस घोषणा का इंतजार था। अमित शाह की घोषणा ने हमारे मन की मुराद पूरी कर दी।
पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा कि नशामुक्ति का पहला चरण शराब मुक्ति है। शराब की लत के बाद व्यक्ति दूसरे नशों की ओर बढ़ता है। मध्य प्रदेश को नशामुक्ति का केंद्र बनाने से पूरे देश पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नशामुक्त मध्यप्रदेश की घोषणा का स्वागत और अभिनंदन है।
गौरतलब है शिवराज सरकार में शराबबंदी के खिलाफ उमा भारती मोर्चा खोल चुकी है। आपको बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भोपाल दौरे पर बड़ी घोषणा की थी। उन्होंने एक बड़ा संकल्प लेते हुए कहा कि वे नशामुक्ति को लेकर बैठक करेंगे और दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बना देंगे।