नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 7 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के प्रत्येक विकासखंड क्षेत्र से एक-एक यात्रा निकाली जाएगी।
प्रत्येक यात्रा में एक मैजिक वाहन पर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की ब्रांडिंग की जाएगी। यात्रा में आगे कलश एवं कृत्रिम मशाल रहेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निकलने वाली यात्रा निर्धारित मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचेगी। यहां जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को जिला विकास पुस्तिका का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री द्वारा सुबह करीब 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यात्रा में शामिल प्रतिभागियों को संबोधित किए जाने की संभावना है। समय में किसी प्रकार का परिवर्तन होने पर पृथक से सूचना जारी की जाएगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद नीमच को सौंपी गई है।