कसरावद। बलाई समाज की नविन ओंकारेश्वर धर्मशाला एवं ट्रस्ट के गठन को लेकर रविवार को कसरावद स्थित सामुदायिक भवन में समाजजनों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़वाह, महेश्वर, करही, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, उज्जैन एवं इंदौर सहित विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन शामिल हुए।
बैठक में ओंकारेश्वर स्थित वर्तमान धर्मशाला की स्थिति, उसके जीर्णाेद्धार तथा समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही पुराने ट्रस्ट को भंग कर नवीन ट्रस्ट के गठन को लेकर भी समाजजनों ने अपने सुझाव रखे।
वरिष्ठ समाजसेवी एन.आर. चाकरे ने धर्मशाला के विकास के साथ समाज के बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने समाज के व्यापक हित में स्थायी एवं बेहतर संस्थागत व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
बैठक में 51 सदस्यीय समिति गठित करने तथा समिति के प्रत्येक सदस्य सहयोग राशि देने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस राशि का उपयोग धर्मशाला के विकास एवं समाजहित से जुड़े कार्यों में किए जाने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने संगठन को मजबूत बनाने,पारदर्शी व्यवस्था कायम करने तथा समाज की भावी पीढ़ी के हित में शिक्षा एवं सामाजिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। बैठक में रखे गए प्रस्तावों पर आगे की प्रक्रिया को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।