भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम में लाड़ली बहना योजना को लेकर मजाकिया अंदाज में बड़ा बयान दिया। छतरपुर की बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने उनसे पूछा कि आपने अपनी जिज्जियों यानी बहनों के लिए तो बहुत कुछ किया है, लेकिन जिज्जियों की बिन्नुओं यानी बेटियों के लिए क्या करना चाहते हैं। इस पर सीएम ने कहा, “तुमको मालूम नहीं, लाड़ली बहना ही बहुत महंगी पड़ गई। मुझे क्या पता था मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है।”
कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी के साथ बड़ी संख्या में बुंदेली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए। इस दौरान क्रिएटर्स ने मुख्यमंत्री से अलग-अलग मुद्दों पर सवाल किए और सीएम ने अपने अंदाज में जवाब दिए।
24 घंटे में बुंदेलखंड की समस्या हल करने के सवाल पर बोले सीएम
एक युवा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि अगर बुंदेलखंड के युवाओं की कोई एक समस्या 24 घंटे में हल करनी हो तो वे क्या करेंगे। इस पर सीएम ने कहा कि “बुंदेलखंड की समस्या 24 घंटे में तो भगवान भी नहीं कर सकते।” उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के लोग अपनी क्षमता, योग्यता और बुद्धिमत्ता से समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर उपलब्ध कराने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में पहले बड़े पैमाने पर पलायन होता था। इसे रोकने के लिए सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। केन-बेतवा जैसी बड़ी परियोजना से क्षेत्र में पानी पहुंचेगा और इससे हर सेक्टर में बदलाव आएगा।
2023 में शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की घोषणा 28 जनवरी 2023 को तत्कालीन शिवराज सिंह चौहान सरकार ने की थी। योजना का औपचारिक शुभारंभ 5 मार्च 2023 को हुआ। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए देने का प्रावधान किया गया था और जून 2023 में पहली किस्त जारी हुई थी।
योजना के शुरुआती दौर में 1 करोड़ 25 लाख 6 हजार 186 महिलाएं पात्र थीं। पहली किस्त में 1 करोड़ 18 लाख 22 हजार 623 महिलाओं को भुगतान किया गया। इनमें 1 करोड़ 11 लाख 70 हजार 835 महिलाओं को 1,000 रुपए और सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली 6 लाख 51 हजार 788 महिलाओं को अंतर की राशि दी गई। पहली किस्त के रूप में कुल 1,143.15 करोड़ रुपए जारी किए गए थे।