मनासा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एमपीईबी द्वारा सेवा सेतु अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सोलर संयंत्र लगवाने से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
6 अक्टूबर को एमपीईबी सहायक यंत्री कार्यालय, जिन क्षेत्र, रामनगर मनासा में शिविर आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक रहेगा।
शिविर में उपभोक्ता मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही अधिकृत वेंडर का चयन तथा बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ऋण स्वीकृति से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी। योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को शासन द्वारा निर्धारित सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है।
एमपीईबी के अनुसार मनासा संभाग में अब तक 846 घरेलू उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। विभाग ने अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने और पात्रतानुसार इसका लाभ उठाने की अपील की है।