छतरपुर। ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। महासभा ने ज्ञापन के माध्यम से 13 प्रतिशत होल्ड हटाने, जातिगत जनगणना कराने, बारिश से नष्ट हुई किसानों की फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को बदलकर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग रखी।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि 13 प्रतिशत होल्ड के चलते चयनित अभ्यर्थियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द निर्णय लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देने की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश में जातिगत जनगणना कराए जाने की आवश्यकता बताते हुए इसे सामाजिक और आर्थिक स्थिति के आकलन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
किसानों की समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश से कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में प्रभावित किसानों की फसलों का जल्द सर्वे कराया जाए और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें रखी गईं। खराब और जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलकर नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई।