बराड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी क्रमांक 2 बराड़ा में 2 से 5 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम विभिन्न गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर ठा. सा. रघुवीर सिंह चुंडावत, सरपंच धर्मेंद्र सिंह चुंडावत, उपसरपंच शांति बाई स्व. जमनालाल माली, महिला पंच सुमित्रा प्रहलाद सालवी, महिला स्वयं सहायता समूह संगठन प्रदेश अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत पंच मनोहर बैरागी तथा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम सेन सहित ग्रामीणजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कैलाश चंद्रवंशी एवं सहायिका रामकन्या बाई ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का स्वागत किया। ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता को बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्ता ने कुपोषित बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए शासन की योजनाओं के माध्यम से उन्हें मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। उपस्थित महिलाओं को अन्य महत्वपूर्ण हितग्राही योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
“मेरी कहानी, मेरी सफलता” गतिविधि के माध्यम से हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संकल्प-पत्र की जानकारी देते हुए मनोहर बैरागी ने योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के संकल्प पत्र का वाचन किया।
बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा एवं सीखने के लिए क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा की पहल से आंगनवाड़ी केंद्रों तक लैपटॉप पहुंचाने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी क्रमांक 2 बराड़ा में तीन छोटे लैपटॉप उपलब्ध कराए गए। इनके माध्यम से बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक एवं गतिविधि आधारित सामग्री से सीखने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में पोषण, शिक्षा, सेवा एवं सम्मान का संदेश देते हुए संकल्प लिया गया कि “हर आंगनवाड़ी केंद्र बनेगा पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र।”