खरगोन। टांडा बरुड़ क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था लंबे समय से बदहाल होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता कार्यालय क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से विद्युत तंत्र का समुचित मेंटेनेंस नहीं हुआ है, जिसके चलते जगह-जगह हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर विद्युत तार लटके हुए हैं, जबकि पोल और खंभे टेढ़े या क्षतिग्रस्त हालत में पड़े हैं। विद्युत लाइनों के आसपास झाड़ियों की सफाई भी नहीं की गई है। वहीं ढीले तारों के बीच इंसुलेटर लकड़ियां नहीं लगी होने से भी खतरा बना हुआ है।
इसके अलावा कई जगह डबल पोल डीपी की केबल खराब हालत में पड़ी है और कटआउट तक नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि विद्युत तंत्र के रखरखाव के लिए राशि आवंटित होती है, तो उसका उपयोग कहां और किस तरह किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कराने और जर्जर लाइनों, पोल, केबल व डीपी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे या पूरे नेटवर्क के क्षतिग्रस्त होने का इंतजार न करे और समय रहते आवश्यक मेंटेनेंस कराया जाए।