मंदसौर। मल्हारगढ़ क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार लालसिंह ईश्वर सिंह, निवासी खेड़ा काल्याखेड़ी, की मौत हो गई। हादसा बूढ़ा-टकरावद रोड पर गर्रावद फंटे के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लालसिंह के सिर, कंधे और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद लालसिंह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। बाद में एक राहगीर ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने चालक पर लगाया भागने का आरोप-
परिजनों का आरोप है कि बाइक को टक्कर मारने वाला फोरव्हीलर चालक घायल लालसिंह को मौके पर छोड़कर वहां से भाग गया। परिजनों ने पुलिस से हादसे वाली जगह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान करने की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम किया-
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर जांच कर रही है।