नीमच। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को घरों पर सोलर सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सेवा सेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 7 अक्टूबर को 40 चौराहा, नीमच में आयोजित होगा। कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
शिविर की खासियत यह होगी कि उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगवाने से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। यहां ऑन-द-स्पॉट ऑनलाइन आवेदन, अधिकृत वेंडर का चयन तथा बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि अब तक नीमच शहर क्षेत्र में करीब 2100 घरेलू उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। योजना के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है। विभाग ने घरेलू उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।