मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में मंदसौर में 6 अक्टूबर मंगलवार को दोपहर 12 बजे बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में होने वाले महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की गई। सीईओ अनुकूल जैन ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से और निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कृषि महोत्सव में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। कृषि एवं संबंधित विभागों के साथ आदान विक्रेताओं और कृषि यंत्र डीलरों के समन्वय से स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महोत्सव में तकनीकी सत्र और कृषक प्रशिक्षण भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में कंट्रोल रूम, पेयजल, विद्युत, सफाई, चिकित्सा, परिवहन, मंच व्यवस्था तथा किसानों को लाने-ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोजन के लिए एसडीएम शुभम पाटीदार को नोडल अधिकारी तथा मंडी सचिव लक्ष्मी सिंह ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में एसडीएम शुभम पाटीदार, उपसंचालक कृषि रविंद्र मोदी, डिप्टी कलेक्टर शुभम, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या, जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत और मल्हारगढ़ जनपद सीईओ निर्देशक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।