मंदसौर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयुष्मान कार्ड जरूरतमंद परिवारों के लिए उपचार का सहारा बन रहा है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपए तक के उपचार की सुविधा निःशुल्क मिल रही है, जिससे गंभीर बीमारी के समय उपचार के खर्च की चिंता कम हुई है।
गरोठ तहसील के कोटड़ाखुर्द निवासी जीवन बैरागी बताते हैं कि दुर्घटना में उनके गले की हड्डी टूट गई थी। उपचार में काफी खर्च होने की संभावना थी, लेकिन उनके पास आयुष्मान कार्ड होने से आर्थिक चिंता दूर हो गई। कार्ड के माध्यम से उनका उपचार निःशुल्क हुआ।
इसी गांव के पवन कुमार बैरागी को हृदयाघात के बाद उपचार की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड होने के कारण उपचार के खर्च की चिंता नहीं रही और अच्छे अस्पताल में उनका निःशुल्क उपचार हो सका।
जीवन बैरागी और पवन कुमार बैरागी ने आयुष्मान कार्ड की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।