मंदसौर। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मंदसौर जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यादव 5 अक्टूबर की शाम 7 बजे मंदसौर पहुंचेंगे।
प्रवास के दौरान वे 6 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी मंदसौर में आयोजित बलराम महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले सुबह 10:30 बजे जिला सहकारी बैंक मंदसौर के मुख्यालय में बैंक की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में जिला सहकारी बैंक की 35 शाखाओं के शाखा प्रबंधक एवं फील्ड अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा यादव बैंक से संबद्ध पैक्स संस्थाओं धुंधड़का एवं कचनारा का भी भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे इन संस्थाओं द्वारा किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन करेंगे। इनमें इफको आउटलेट, ड्रोन के उपयोग तथा मांगलिक भवन सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।