नीमच। ग्राम विकास सामाजिक एनिमेटर संघ जिला नीमच के पदाधिकारियों एवं सामाजिक अंकेक्षकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मध्यप्रदेश राज्य सामाजिक संपरीक्षा समिति द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 1331363/2026 के तहत ग्राम सामाजिक एनिमेटर (वीएसए) के चिन्हांकन एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया पर पुनर्विचार कर आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में कई वर्षों से चयनित एवं प्रशिक्षित सामाजिक अंकेक्षक विभिन्न शासकीय योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण करते आ रहे हैं। ऐसे में नई चयन प्रक्रिया लागू करने से पहले वर्तमान सामाजिक अंकेक्षकों के अनुभव, योग्यता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए उनकी कार्य निरंतरता एवं आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
संघ ने वर्तमान सामाजिक अंकेक्षकों को कार्य जारी रखने, कार्य दिवस के आधार पर उचित मानदेय निर्धारित करने तथा मानदेय का समय पर भुगतान करने की मांग की। साथ ही नई व्यवस्था लागू करने से पहले सामाजिक अंकेक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर विचार करने की मांग भी रखी गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सात दिवस के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भोपाल में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।